प्यारा भारत देश हमारा

     भारत देश की महत्ता जगत प्रसिद्ध है। हमारे देश भारत का नाम राजा भरत के नाम पर पड़ा। इसके अन्य नाम भी जगत विख्यात हैं जैसे- आर्यावर्त, हिंदुस्तान, एवं इंडिया। यह वह पवित्र धरती है, जहां पर भगवान श्री राम, श्री कृष्ण, गुरु नानक, महावीर स्वामी और महात्मा बुद्ध अवतरित हुए। इसी पावन भूमि पर गोस्वामी तुलसीदास, मिर्जा गालिब, कबीर, रविदास, रहीम, सूरदास, महात्मा गांधी जैसे कवि और संत जन्मे।
     भौगोलिक दृष्टि से भारत तीन तरफ से समुद्र से घिरा हुआ है। दक्षिण में हिंद महासागर, पश्चिम में अरब सागर और पूर्व में बंगाल की खाड़ी है। इसके उत्तर दिशा की ओर विश्व प्रसिद्ध हिमालय की श्रृंखला हैं। गंगा, यमुना, ब्रह्मपुत्र, सतलुज, महानदी और कावेरी आदि यहां की प्रमुख नदियां हैं। लगभग 20% भूभाग वनों से आच्छादित है। यहां पर मुख्य रूप से तीन ऋतुएं आती है- शीत, ग्रीष्म और वर्षा। हिंदी यहां की मातृभाषा है, हिंदी के अंतर्गत पांच उप भाषाएं एवं 18 बोलियां आती हैं। विभिन्न धर्मों के लोगों के द्वारा यहां पर बिना किसी बंधन के कई भाषाएं बोली जाती है।
     हमारा देश एक कृषि प्रधान देश है, जो गन्ना, कपास, गेहूं, चावल, दाल, और जूट आदि फसलों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। कोई ऐसा अन्न नहीं है जो यहां की धरती पर उत्पन्न न किया जाता हो। कोई ऐसा खनिज पदार्थ नहीं, जो यहां के भूगर्भ में न पाया जाता हो और न कोई ऐसा वृक्ष अथवा जानवर है जो यहां फैले हुए अरण्यो में न मिले।
      हमारे देश का राष्ट्रीय गीत- वंदे मातरम, राष्ट्रगान- जन गण मन, राष्ट्रीय खेल- हाकी है। यहां का राष्ट्रीय पक्षी- मोर, राष्ट्रीय फूल- कमल और राष्ट्रीय पशु- बाघ है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा है। इसमें तीन समान आकार की क्षैतिज पट्टियां है, जिनमें सबसे ऊपर की ओर केसरिया, मध्य में श्वेत और नीचे गहरे हरे रंग की पट्टी है। ध्वज की लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3 : 2 है। श्वेत पट्टी के बीच में गहरे नीले रंग का एक चक्र है जिसमें चौबीस तीलियां हैं।
      भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य है, जहां देश की जनता को देश के बारे में फैसले लेने का अधिकार है। भारत देश के लोग स्वभावता कर्मठ, ईमानदार और विश्वसनीय होते हैं । हम भारतीयों का स्वभाव दिल को छू लेने वाला होता है और दूसरे मुल्कों से आए मेहमानों का हम लोग दिल से स्वागत करते हैं। यहां के लोग शांति और एकता के साथ रहते हैं। हमें अपने भारतवासी होने पर गर्व है। 
                          - मनोज कुमार 'अनमोल'

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

अकेले हम, अकेले तुम

सरस्वती वंदना

हिन्दी पहेलियाँ